सिर पर चोट के निशान; हत्या का आरोप
जमीन विवाद में बड़े बेटे और उसके परिवार पर हत्या का आरोप, फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
सोनिक (उन्नाव)। दही थाना क्षेत्र की आवास विकास कॉलोनी में बेटे के घर आई 85 वर्षीय वृद्धा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वृद्धा का शव घर के कमरे में खून से लथपथ मिला। सिर और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान मिलने से हत्या की आशंका जताई जा रही है। मृतका के अन्य बेटों ने बड़े भाई और उसके परिवार पर जमीन के विवाद में हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, सदर कोतवाली क्षेत्र के कासिमनगर मोहल्ला निवासी भतूलन (85) पत्नी स्व. मोहम्मद हनीफ को बुधवार शाम उनका बड़ा बेटा जहीर उर्फ जहूर दही थाना क्षेत्र स्थित आवास विकास कॉलोनी ए-ब्लॉक स्थित अपने घर लेकर आया था। गुरुवार रात करीब आठ बजे पड़ोसियों ने पुलिस को वृद्धा की मौत की सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि वृद्धा का शव कमरे के फर्श पर पड़ा था। सिर और चेहरे पर चोट के निशान थे तथा आसपास काफी मात्रा में खून फैला हुआ था। घटना के समय घर में केवल पौत्र शाद और पौत्री हिना मौजूद थे, जबकि जहीर और उसकी पत्नी मुन्नी घर पर नहीं मिले। बच्चों ने पुलिस को बताया कि उनकी दादी को खून की उल्टी हुई थी।
सूचना मिलते ही मृतका के दूसरे बेटे शरीफ मौके पर पहुंचे और बड़े भाई जहीर व उसके परिवार पर जमीन के विवाद में हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। उन्होंने बताया कि पिता की मृत्यु के बाद से जहीर और उसके परिवार के लोग उनकी मां को प्रताड़ित करते थे, जिसके कारण वह कासिमनगर में रह रही थीं। बुधवार को जहीर उन्हें अपने साथ ले गया था, जबकि परिवार ने इसका विरोध भी किया था।
शरीफ ने आरोप लगाया कि अगले ही दिन उनकी मां की हत्या कर दी गई। वहीं, पड़ोसियों ने पुलिस को बताया कि घटना से करीब एक घंटे पहले घर से झगड़े की आवाजें आ रही थीं। इसके बाद अचानक सन्नाटा छा गया और कुछ देर बाद वृद्धा की मौत की जानकारी मिली।
घटना की सूचना पर फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जमीन विवाद बना हत्या की आशंका का आधार
मृतका के तीसरे बेटे मोहम्मद मोइन ने आरोप लगाया कि उनकी मां के नाम करीब साढ़े चार बीघा जमीन थी। उनका कहना है कि बड़े भाई जहीर ने दो वर्ष पहले मां से कथित रूप से धोखे से अंगूठा लगवाकर करीब दो बीघा जमीन बेच दी थी। इस बात का पता चलने पर मां ने विरोध किया था, जिसके बाद परिवार में विवाद रहने लगा।
मोइन ने यह भी बताया कि बड़े भाई की पत्नी की एक सप्ताह पहले सड़क हादसे में मौत हो गई थी, जबकि एक अन्य भाई गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं। उनकी मां अक्सर उसी भाई के पास रहती थीं। बुधवार को जहीर उन्हें अपने साथ ले गया था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
थानाध्यक्ष ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों ने बड़े बेटे और उसके परिवार पर हत्या का आरोप लगाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।







