साधारण मूर्ति को अष्टधातु बताकर नेपाल में बेचने वाले 7 गिरफ्तार
बहराइच। नेपाल सीमा से सटे रूपईडीहा क्षेत्र में पुलिस ने कथित तौर पर साधारण मूर्तियों को अष्टधातु की प्राचीन मूर्ति बताकर ऊंचे दामों पर बेचने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से भगवान बुद्ध की एक मूर्ति बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी सामान्य मूर्तियों को अष्टधातु की दुर्लभ मूर्ति बताकर खरीदारों को झांसा देते थे और उन्हें भारत से नेपाल ले जाकर महंगे दामों पर बेचने का प्रयास करते थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रमजान, मन्नू, रिजवान, महफूज, शारिक, समीर अली समेत कुल सात लोगों के रूप में हुई है। सभी आरोपी बहराइच के मोतीपुर और रूपईडीहा क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों को नेपाल सीमा स्थित बदलदास मंदिर के पास से गिरफ्तार किया। बरामद मूर्ति को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
सीओ नानपारा चित्रांशु गौतम ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि गिरोह ने पहले इस तरह की कितनी वारदातों को अंजाम दिया और इसमें अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं।







