कौड़ीराम, गोरखपुर। गोरखपुर जिले के कौड़ीराम स्थित सर्वोदय किसान इंटर कॉलेज के सामने जलजमाव ने व्यवस्थाओं की पोल खोल दी है। शनिवार की रात मे हुई मुसलाधार बरसात से विद्यालय के मुख्य प्रवेश मार्ग और गेट के सामने घुटनों तक पानी भरा हुआ है, जिससे छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और अभिभावकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
यह पानी पुरे बरसात भर इसी तरह ग्राउण्ड मे भी जमा रहता है जिससे बच्चों को खेलने मे भी दिक्कत होती है। हैरानी की बात यह है कि इस विद्यालय के पदेन अध्यक्ष स्वयं गोरखपुर के जिलाधिकारी (डीएम) हैं। इसके बावजूद विद्यालय के सामने जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से लोगों में नाराजगी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के दौरान हर वर्ष यही स्थिति बन जाती है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं किया गया। विद्यालय पहुंचने के लिए छात्रों को घुटनों तक पानी से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे दुर्घटना और संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बना हुआ है।
अब सवाल उठ रहा है कि जब जिलाधिकारी पदेन अध्यक्ष वाले विद्यालय की यह स्थिति है, तो अन्य विद्यालयों की हालत का सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल जलनिकासी की व्यवस्था कर समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।








