गाजीपुर। जनपद के नोनहरा क्षेत्र में कासिमाबाद और नोनहरा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के दौरान हुई मुठभेड़ में शातिर अपराधी इमरान उर्फ भोंदू घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, कासिमाबाद प्रभारी निरीक्षक राजेश त्रिपाठी अपनी टीम के साथ वेद बिहारी पोखरा के पास वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार एक संदिग्ध युवक आता दिखाई दिया। पुलिस द्वारा रोकने का प्रयास करने पर वह बाइक मोड़कर अटवा मोड़ की ओर भाग निकला।
घटना की सूचना तत्काल नोनहरा थानाध्यक्ष विवेक कुमार तिवारी को दी गई। वह अपनी टीम के साथ महेशपुर कला क्षेत्र में वाहन चेकिंग कर रहे थे। पुलिस टीम की घेराबंदी देख आरोपी कागजीपुर की ओर भागने लगा, लेकिन तेज रफ्तार के कारण उसकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई।
पुलिस का कहना है कि खुद को घिरा देखकर आरोपी ने पुलिस टीम पर तमंचे से फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें गोली आरोपी के बाएं पैर में लगी। घायल अवस्था में उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान इमरान उर्फ भोंदू, निवासी भटोली, थाना नोनहरा, जनपद गाजीपुर के रूप में बताई। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ विभिन्न थानों में आठ आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।






