गोरखपुर रेल मंडल की सभी चौकियों को दिए विशेष निर्देश
गोरखपुर। सावन माह और कांवड़ यात्रा को देखते हुए राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) ने गोरखपुर रेल मंडल के सभी जीआरपी थानों और चौकियों को अलर्ट कर दिया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम यात्रा और बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पुलिस अधिकारियों को विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
इस वर्ष सावन का पवित्र महीना 30 जुलाई से शुरू होकर 28 अगस्त तक चलेगा। इस दौरान बड़ी संख्या में शिवभक्त कांवड़ यात्रा पर निकलेंगे और विभिन्न शिव मंदिरों में जलाभिषेक करेंगे। संभावित भीड़ को देखते हुए जीआरपी ने गोरखपुर, गोंडा, मऊ और वाराणसी रेल खंड के अंतर्गत आने वाले सभी थानों और चौकियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।
रेलवे पुलिस अधीक्षक (एसपी रेलवे) लक्ष्मी निवास मिश्र ने बताया कि सावन के दौरान रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में यात्रियों की संख्या काफी बढ़ जाती है। इसे ध्यान में रखते हुए सभी संबंधित अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को पहले से ही आवश्यक तैयारियां करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि सभी पुलिसकर्मियों को कांवड़ यात्रियों के साथ शालीन और सहयोगपूर्ण व्यवहार करने, उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा किसी भी प्रकार की असुविधा या दुर्व्यवहार की शिकायत न आने देने के निर्देश दिए गए हैं।
एसपी रेलवे ने बताया कि जिन स्टेशनों और मार्गों पर अधिक भीड़ रहने की संभावना है, वहां जीआरपी और आरपीएफ संयुक्त रूप से सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे। आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया जाएगा, ताकि कांवड़ यात्रियों और अन्य रेल यात्रियों को सुरक्षित एवं सुगम यात्रा का वातावरण मिल सके।







