17 नए मतदान केंद्र प्रस्तावित
बाराबंकी। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत बाराबंकी में मतदेय स्थलों के रैशनलाइजेशन (संभाजन) की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसी क्रम में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ईशान प्रताप सिंह की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई। बैठक में जनप्रतिनिधियों, मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और निर्वाचन अधिकारियों के साथ प्रस्तावित मतदान केंद्रों पर चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने बताया कि जिन मतदेय स्थलों पर मतदाताओं की संख्या 1200 से अधिक है, उनका विभाजन कर नए मतदेय स्थल बनाए जाएंगे। साथ ही अनुपयुक्त भवनों में संचालित मतदान केंद्रों को बेहतर सुविधायुक्त भवनों में स्थानांतरित करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिकों और महिला मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी प्रस्ताव तैयार किए गए हैं।
बैठक में बताया गया कि वर्तमान में जनपद में 2,870 मतदेय स्थल और 1,704 मतदान केंद्र हैं। प्रस्ताव के अनुसार 8 नए मतदेय स्थलों तथा 17 नए मतदान केंद्रों का गठन किया जाएगा। इसके अलावा 117 मतदेय स्थलों और 10 मतदान केंद्रों के भवन बदले जाएंगे। प्रस्ताव स्वीकृत होने के बाद जिले में मतदान केंद्रों की संख्या बढ़कर 1,711 हो जाएगी।
विधानसभावार प्रस्तावों के अनुसार कुर्सी विधानसभा में 5 नए मतदेय स्थल और 14 नए मतदान केंद्र बनाए जाएंगे। रामनगर, बाराबंकी और रुदौली विधानसभा में एक-एक नए मतदेय स्थल का प्रस्ताव है। अन्य विधानसभा क्षेत्रों में आवश्यकतानुसार भवन परिवर्तन किए जाएंगे।
जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से सुझाव और आपत्तियां आमंत्रित करते हुए कहा कि उनका निष्पक्ष परीक्षण कर आवश्यक संशोधन के बाद अंतिम प्रस्ताव मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश को भेजा जाएगा।
बैठक में विधायक दिनेश रावत, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) निरंकार सिंह, विभिन्न जनप्रतिनिधियों के प्रतिनिधि, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।





















