तिलक समारोह में हर्ष फायरिंग पड़ी भारी
उन्नाव/आसीवन। आसीवन थाना क्षेत्र के जमालपुर गांव में तिलक समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग के लिए बंदूक लोड करते समय अचानक गोली चल जाने से वधू पक्ष के दो बुजुर्गों समेत तीन लोग घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, आसीवन थाना क्षेत्र के जमालपुर गांव निवासी आशाराम के पुत्र अखिलेश यादव उर्फ बानू का बुधवार को तिलक समारोह आयोजित था। माखी थाना क्षेत्र के बाबाखेड़ा गांव से वधू पक्ष के लोग तिलक चढ़ाने आए थे। समारोह के दौरान एक युवक हर्ष फायरिंग के लिए बंदूक लोड कर रहा था। इसी दौरान अचानक गोली चल गई और उसके छर्रे वधू पक्ष के करन यादव (60) निवासी बाबाखेड़ा, रामखेलावन (70) निवासी गजाखेड़ा तथा किशलपाल (55) निवासी हरीगढ़ी को लग गए।
गोली चलने की घटना से समारोह स्थल पर अफरा-तफरी और भगदड़ मच गई। परिजनों और ग्रामीणों ने घायलों को तत्काल मियागंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीरता को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
आसीवन थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की। फिलहाल घायलों के परिजन तहरीर देने के लिए तैयार नहीं हैं और आपसी समझौते की बात चल रही है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।








