बाराबंकी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. रंजन गौतम के निर्देश पर बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बड़ागांव के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. राधेश्याम गौड़ के नेतृत्व में निजी अस्पतालों और कथित झोलाछाप चिकित्सकों के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाया गया। स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र के निजी अस्पताल संचालकों में हलचल मच गई।
अभियान के दौरान ग्राम पंचायत बड़ागांव स्थित उमेश क्लिनिक और राम सिंह क्लिनिक तथा ग्राम बांसा स्थित सेवा पाली क्लिनिक एंड हॉस्पिटल का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग को बायो-मेडिकल वेस्ट (BMW) प्रबंधन नियमों के पालन में कमियां मिलीं। इसके अलावा कुछ संस्थानों में पर्याप्त प्रशिक्षित स्टाफ और योग्य चिकित्सक मौके पर उपलब्ध नहीं पाए गए। जांच में आवश्यक अभिलेख और दस्तावेज भी अधूरे मिले, जिन्हें विभाग ने गंभीर अनियमितता माना।
प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. राधेश्याम गौड़ ने संबंधित संचालकों को सभी कमियां तत्काल दूर करने के निर्देश दिए। साथ ही तीन दिनों के भीतर सभी आवश्यक अभिलेख एवं दस्तावेज सीएचसी बड़ागांव में प्रस्तुत करने को कहा गया है।
उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित समय सीमा के भीतर कमियां दूर नहीं करने अथवा आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत न करने की स्थिति में संबंधित संस्थानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।







