बाराबंकी। दरियाबाद क्षेत्र में एक मासूम की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग ने अवैध अस्पतालों के खिलाफ सख्त अभियान शुरू कर दिया है। सोमवार को अपर मुख्य चिकित्साधिकारी (प्रशासन) के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कई निजी अस्पतालों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान एक अस्पताल को सील कर दिया गया, जबकि दो अस्पतालों को नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण और आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
अपर मुख्य चिकित्साधिकारी (प्रशासन) डॉ. आर.एस. स्वामी और सीएचसी मथुरानगर के अधीक्षक डॉ. अमित कुमार दूबे के नेतृत्व में टीम ने दरियाबाद क्षेत्र में संचालित अस्पतालों का निरीक्षण किया।
छापेमारी के दौरान सिटी हॉस्पिटल एंड सर्जिकल सेंटर में न तो कोई डॉक्टर मिला और न ही कोई मरीज। जांच में अस्पताल में कथित रूप से आईसीयू और ऑपरेशन थिएटर (ओटी) जैसी सुविधाएं स्थापित मिलीं। आवश्यक मानकों और दस्तावेजों में अनियमितता पाए जाने पर स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल को सील कर दिया।
इसके अलावा शिफा हॉस्पिटल (दरियाबाद-सफदरगंज मार्ग) और जन्नत हॉस्पिटल (जेठौती राजपूतान मोड़) के निरीक्षण में भी कई कमियां मिलीं। टीम ने दोनों अस्पतालों को फिलहाल मरीजों का इलाज न करने के निर्देश देते हुए पंजीकरण संबंधी अभिलेखों के साथ तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने को कहा है।
छापेमारी की सूचना मिलते ही दरियाबाद ब्लॉक मुख्यालय, कस्बा चौकी और टिकैतनगर क्षेत्र के कई निजी अस्पतालों के संचालकों ने अपने प्रतिष्ठान बंद कर दिए।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. अमित कुमार दूबे ने बताया कि एक अवैध अस्पताल को सील किया गया है, जबकि दो अस्पतालों को नोटिस जारी किया गया है। उन्होंने कहा कि जिले में अवैध अस्पतालों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।








