7 जोन-44 सेक्टर में सुरक्षा व्यवस्था, 41 शिव मंदिरों पर विशेष निगरानी
मथुरा। श्रावण मास में कांवड़ यात्रा को लेकर मथुरा पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा और सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत ने स्वयं विभिन्न ड्यूटी प्वाइंटों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसपी ग्रामीण ने बिचपुरी पुलिस तिराहा सहित विभिन्न ड्यूटी प्वाइंटों पर तैनात पुलिस बल की तैयारियों का निरीक्षण किया। इसके बाद हाथरस-मथुरा बॉर्डर स्थित सोनई रेलवे क्रॉसिंग के पास रामानंद कुशवाहा के साथ समन्वय बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था, आपसी तालमेल और संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।
2 अगस्त 2026 से शुरू हुई कांवड़ यात्रा के मद्देनज़र पूरे जनपद को 7 जोन और 44 सेक्टर में विभाजित कर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। इसके अलावा 41 प्रमुख शिव मंदिरों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है। प्रमुख मार्गों पर विशेष ड्यूटी प्वाइंट स्थापित किए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
मथुरा में कांवड़ यात्रा सोरों, सादाबाद और अनूपशहर से आने वाले कांवड़ियों के माध्यम से राया, बल्देव, महावन, छाता, बरसाना, वृंदावन और गोवर्धन सहित छह प्रमुख मार्गों से होकर गुजर रही है। इन सभी मार्गों पर सुरक्षा, यातायात नियंत्रण और लगातार निगरानी के विशेष प्रबंध किए गए हैं।
एसपी ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। साथ ही ट्रैफिक डायवर्जन प्लान को प्रभावी ढंग से लागू किया गया है, जिससे कांवड़ यात्रियों के साथ-साथ आम नागरिकों को भी अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना मथुरा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी प्रमुख मार्गों और शिव मंदिरों पर पुलिस बल लगातार मुस्तैद है।







