चेहरे से निकल रहा खून, हत्या का आरोप
बबुरी थाना क्षेत्र के श्रीकंठपुर गांव की घटना, अलीनगर थाने में थी तैनाती
चंदौली। बबुरी थाना क्षेत्र के श्रीकण्ठपुर गांव निवासी और अलीनगर थाने में तैनात होमगार्ड विजय बहादुर भारती (52) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बुधवार सुबह वह घर के बरामदे में उनका शव जमीन पर औंधे मुंह मिला। उनके चेहरे से खून निकला हुआ था। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
श्रीकण्ठपुर निवासी विजय बहादुर भारती अलीनगर थाने में होमगार्ड के पद पर तैनात थे। परिजनों के अनुसार वह मंगलवार शाम ड्यूटी से लौटकर घर आए थे। रात में परिवार के साथ भोजन करने के बाद वह सोने चले गए। बुधवार सुबह उनकी छोटी बेटी साधना उन्हें जगाने पहुंची तो जमीन पर उल्टे पड़े मिले। चेहरे से खून निकलकर सूख चुका था। यह देखकर बेटी ने शोर मचाया। मौके पर पहुंचे परिजन और ग्रामीणों ने उन्हें उठाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर बबुरी थाना प्रभारी किशोर कुमार चौबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया। टीम ने कमरे और आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों का कहना है कि विजय बहादुर का किसी से कोई विवाद या रंजिश नहीं थी। उनकी बेटी साधना ने बताया कि पिता पूरी तरह स्वस्थ थे और रोज सुबह जल्दी उठते थे। ऐसे में अचानक उनकी इस तरह मौत होना समझ से परे है। उनका बेटा विकास (26) बनारस में लेबर का काम करता है। घटना के समय विकास बनारस में था। पिता की मौत की सूचना मिलते ही वह भी बनारस से श्रीकण्ठपुर पहुंच गया। परिवार ने आशंका जताई है कि घटना के पीछे किसी की साजिश हो सकती है। विजय बहादुर की पत्नी का पहले ही निधन हो चुका है। वह परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे। उनकी छोटी बेटी साधना की शादी आगामी छह जुलाई को होनी थी और घर में तैयारियां चल रही थीं। घटना के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गई हैं। गांव में भी शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग की है। इस संबंध में सीओ अरुण कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।







