एक भारतीय की मौत, आठ घायल
अबू धाबी। पश्चिम एशिया में तनाव एक बार फिर गहरा गया है। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, ओमान के क्षेत्रीय जलक्षेत्र में होर्मुज जलडमरूमध्य के दक्षिणी नौवहन मार्ग से गुजर रहे यूएई के दो राष्ट्रीय तेल टैंकर ‘मोम्बासा’ और ‘अल बहिया’ पर ईरान की ओर से दो क्रूज मिसाइलों से हमला किया गया।
हमले में एक भारतीय चालक दल के सदस्य की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य लोग घायल हुए हैं। घायलों में छह भारतीय और दो यूक्रेनी नागरिक शामिल हैं। इनमें चार की हालत गंभीर बताई गई है और उनका उपचार जारी है।
मिसाइल हमले के बाद दोनों टैंकरों में भीषण आग लग गई, जिससे जहाजों को भारी नुकसान पहुंचा। राहत एवं बचाव दल ने समय रहते आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
यूएई रक्षा मंत्रालय ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसे अंतरराष्ट्रीय कानून का गंभीर उल्लंघन और क्षेत्रीय सुरक्षा व स्थिरता के लिए बड़ा खतरा बताया है। मंत्रालय ने कहा कि देश अपनी संप्रभुता, नागरिकों और राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने का अधिकार सुरक्षित रखता है तथा किसी भी खतरे का उचित जवाब दिया जाएगा।
मंत्रालय ने लोगों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक स्रोतों से जारी सूचनाओं पर ही भरोसा करें और सोशल मीडिया पर फैल रही अपुष्ट खबरों एवं अफवाहों से बचें।
यह हमला ऐसे समय हुआ है जब पश्चिम एशिया में पहले से ही तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। होर्मुज जलडमरूमध्य वैश्विक तेल आपूर्ति का प्रमुख समुद्री मार्ग माना जाता है, इसलिए इस घटना के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सुरक्षा और ऊर्जा आपूर्ति को लेकर चिंता बढ़ गई है।







