बाराबंकी। रामसनेहीघाट तहसील क्षेत्र की सनौली ग्राम पंचायत के करौंधिया गांव में प्रस्तावित औद्योगिक क्षेत्र के लिए सड़क निर्माण कार्य शुरू हो गया है। निर्माण कार्य शुरू होते ही ग्रामीणों में उत्साह का माहौल है। निर्माण स्थल पर मशीनों की आवाज और तेजी से चल रहे कार्य को देखकर लोगों को क्षेत्र में विकास और रोजगार की नई उम्मीद नजर आने लगी है।
ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से औद्योगिक क्षेत्र की मांग की जा रही थी और अब सड़क निर्माण शुरू होने से यह सपना साकार होता दिखाई दे रहा है। उनका मानना है कि औद्योगिक क्षेत्र विकसित होने से स्थानीय युवाओं को गांव और आसपास के क्षेत्रों में ही रोजगार के अवसर मिलेंगे, जिससे पलायन पर भी रोक लगेगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
स्थानीय ग्रामीण धर्मराज, अमन, रामविलास और विशाल ने बताया कि सड़क निर्माण और अन्य बुनियादी तैयारियों से यह स्पष्ट हो गया है कि आने वाले समय में करौंधिया औद्योगिक मानचित्र पर अपनी नई पहचान बनाएगा। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से क्षेत्र के सर्वांगीण विकास को गति मिलेगी और आसपास के गांवों को भी इसका लाभ मिलेगा।
वहीं, स्थानीय जूनियर इंजीनियर (जेई) आदित्य मिश्रा ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए संपर्क मार्ग का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य निर्धारित समय के अनुसार चल रहा है और इसे अगले वर्ष फरवरी तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
ग्रामीणों को उम्मीद है कि सड़क निर्माण पूरा होने के बाद औद्योगिक क्षेत्र के विकास कार्य और तेज होंगे तथा क्षेत्र में रोजगार, व्यापार और आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा।








