सिटी मजिस्ट्रेट तथा सीओ सिटी ने पुलिस बल के साथ किया निरीक्षण
रायबरेली। में पुलिस अधीक्षक रवि कुमार के निर्देश पर सीओ सिटी ने पुलिस बल के साथ किया निरीक्षण कानून-व्यवस्था, यातायात और होटलों में निर्धारित नियमों के अनुपालन की समीक्षा के लिए रविवार शाम सिविल लाइंस क्षेत्र में सिटी मजिस्ट्रेट राम अवतार व क्षेत्राधिकारी नगर आशीष निगम ने पुलिस बल के साथ संयुक्त आकस्मिक निरीक्षण किया।
सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि निरीक्षण के दौरान प्रयागराज नेशनल हाईवे पर स्थित एक होटल खालसा इन का औचक निरीक्षण भी किया गया, जहां आगंतुकों के रजिस्टर एवं पहचान संबंधी अभिलेखों की जांच की गई। फिर कहा कि निरीक्षण के दौरान एक कमरे में ठहरे युवक का पहचान पत्र एवं प्रविष्टि रजिस्टर में दर्ज मिला, जबकि उसके साथ मौजूद युवती का विवरण रजिस्टर में दर्ज नहीं पाया गया। इस पर सिटी मजिस्ट्रेट ने होटल प्रबंधन को नियमानुसार प्रत्येक वयस्क आगंतुक का नाम, पता एवं पहचान पत्र का विवरण रजिस्टर में अनिवार्य रूप से दर्ज करने के निर्देश देते हुए कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने बताया कि यह नियमित आकस्मिक जांच का हिस्सा है और भविष्य में ऐसी लापरवाही मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद प्रशासनिक टीम ने सिविल लाइन चौराहे से प्रयागराज मार्ग के दाएं ओर सड़क किनारे खड़े ऑटो को तत्काल हटवाया। दुकानदारों को सड़क पर अतिक्रमण न फैलाने तथा दुकान की निर्धारित सीमा के भीतर ही व्यापार संचालित करने की हिदायत दी गई। अधिकारियों ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर अवैध अतिक्रमण के कारण यातायात प्रभावित होता है, जिसे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस दौरान कोतवाली प्रभारी निरीक्षक शिव शंकर सिंह, कार्यवाहक यातायात प्रभारी अरिमर्दन सिंह, महिला पुलिस, यातायात पुलिस एवं अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। अभियान के दौरान कई व्यापारियों ने अंग्रेजी शराब दुकान के बाहर लगने वाले जाम की समस्या अधिकारियों के समक्ष रखी, जिस पर यातायात व्यवस्था को और अधिक सुचारु बनाने का आश्वासन दिया गया।








