सुल्तानपुर। जिले के चर्चित ‘द हेवेन होटल’ को लेकर स्थानीय लोगों की शिकायतों के बाद शुक्रवार को पुलिस ने जांच शुरू कर दी। ग्राम प्रधान की सूचना पर पुलिस टीम होटल पहुंची और मौके पर जांच-पड़ताल की। इसके बाद होटल के मैनेजर को पूछताछ के लिए थाने ले जाया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है।
स्थानीय ग्रामीणों और ग्राम प्रधान का आरोप है कि होटल में लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियों की शिकायतें की जा रही थीं। उनका कहना है कि समय रहते प्रभावी कार्रवाई न होने से क्षेत्र में असंतोष बढ़ा। ग्राम प्रधान ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों का आरोप है कि होटल में प्रतिदिन बड़ी संख्या में युवक-युवतियों का आना-जाना रहता है, जिससे क्षेत्र का माहौल प्रभावित हो रहा है। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है।
मामले को लेकर स्थानीय स्तर पर यह सवाल भी उठ रहे हैं कि यदि पूर्व में शिकायतें मिली थीं तो संबंधित विभागों ने उन पर क्या कार्रवाई की और होटल के संचालन से जुड़े नियमों का नियमित सत्यापन हुआ या नहीं।
फिलहाल पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है। अब तक किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। होटल प्रबंधन का पक्ष भी सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आया है। जांच पूरी होने और तथ्यों के सामने आने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।







