अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
सुल्तानपुर। पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने शुक्रवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी प्रकरणों में निष्पक्ष, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान एसपी ने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में केवल औपचारिकता न बरती जाए, बल्कि प्रत्येक मामले की स्थलीय जांच कर तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाए। उन्होंने राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों को वर्चुअल एवं दूरभाष के माध्यम से निर्देशित किया कि किसी भी शिकायत में लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने निर्देश दिए कि सभी मामलों में विधिसम्मत और पारदर्शी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा शिकायतकर्ताओं को उनके प्रकरण में की गई कार्रवाई की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए। एसपी ने कहा कि जनशिकायतों का प्रभावी निस्तारण पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और सभी अधिकारी जनता के प्रति संवेदनशील एवं जवाबदेह रवैया अपनाएं।
पुलिस अधीक्षक चारू निगम नियमित रूप से जनसुनवाई कर लोगों की समस्याएं सुन रही हैं। इससे फरियादियों को अपनी शिकायत सीधे पुलिस अधीक्षक के समक्ष रखने का अवसर मिल रहा है और शिकायतों के त्वरित निस्तारण की दिशा में भी प्रभावी पहल हो रही है।







