बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को दिया जा रहा प्रशिक्षण, प्रमाणपत्र भी किए जा रहे अपलोड
एटा/जलेसर। भारतीय जनता पार्टी द्वारा देशभर में चलाए जा रहे डिजिटल लर्निंग प्रोग्राम के तहत जलेसर विधानसभा क्षेत्र ने जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न बूथों पर कैंप लगाकर बूथ स्तर के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को डिजिटल माध्यम से प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
भाजपा के जिला उपाध्यक्ष एवं डिजिटल लर्निंग अभियान के जिला संयोजक अमित गुप्ता ने बताया कि इस कार्यक्रम के माध्यम से पार्टी के सभी स्तरों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को भाजपा के इतिहास, संगठन के विकास, केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा प्रमुख कार्यक्रमों की जानकारी दी जा रही है।
उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण पूरा होने के बाद प्रतिभागियों की प्रश्नोत्तरी (क्विज) कराई जाती है। सफल होने पर उनके प्रमाणपत्र ऑनलाइन अपलोड किए जाते हैं। इस पहल का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा और सरकारी योजनाओं की समुचित जानकारी देना है, ताकि वे आमजन के बीच जाकर उनकी जिज्ञासाओं का प्रभावी ढंग से समाधान कर सकें।
भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद गुप्ता ने डिजिटल लर्निंग प्रोग्राम में जलेसर विधानसभा क्षेत्र के प्रथम स्थान प्राप्त करने पर जिला संयोजक अमित गुप्ता, सभी मंडल अध्यक्षों एवं पदाधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि सीमित समय में दिन-रात मेहनत कर मिली यह सफलता सभी कार्यकर्ताओं की टीम भावना और समर्पण का परिणाम है।







