सीओ के नेतृत्व में छापेमारी, भारी मात्रा में मांस और कटान के उपकरण बरामद
जलेसर नगर में अवैध पशु कटान की लगातार मिल रही शिकायतों के बीच पुलिस ने शुक्रवार सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में पशु मांस और कटान में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए गए। वहीं एक आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
शिकायतों के बीच हुई छापेमारी
पुलिस के अनुसार, नगर के विभिन्न क्षेत्रों से अवैध पशु कटान की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पांडेय के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी ज्ञानेन्द्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस ने मोहल्ला बड़ा बाजार क्षेत्र में स्थित एक मकान पर छापेमारी की।
पुलिस टीम ने घेराबंदी कर कार्रवाई की, जहां कथित रूप से अवैध रूप से पशु कटान किया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सात आरोपी गिरफ्तार, एक फरार
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मोहम्मद समीर, सौरभ, बिलाल उर्फ रोहित, अदनान, मोहम्मद आरिफ, अकरम और इकबाल को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपी जलेसर नगर के विभिन्न मोहल्लों के निवासी बताए गए हैं।
वहीं अफसर पुत्र बाबू निवासी मोहल्ला बड़ा बाजार पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
मांस के नमूने जांच के लिए भेजे गए
पुलिस ने मौके से बरामद मांस को कब्जे में लेकर पशु चिकित्सकों की टीम को बुलाया। टीम ने विधिवत नमूने एकत्र कर उन्हें सीलबंद किया। नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कटान के उपकरण भी बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में मांस के अलावा एक कुल्हाड़ी, दो चाकू, एक सूजा और एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा भी बरामद किया। बरामद सामान को साक्ष्य के रूप में जब्त कर लिया गया है।
मुकदमा दर्ज, तलाश में जुटी पुलिस
क्षेत्राधिकारी ज्ञानेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।







