निरीक्षण में भर्ती मिले मरीज और मिलीं अनियमितताएं
झांसी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिशिर पुरी के निर्देश पर उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं नोडल अधिकारी (पंजीकरण) डॉ. आशीष अग्निहोत्री ने 23 जुलाई 2026 को जनपद में संचालित शिवाय मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में कई अनियमितताएं पाए जाने पर उसका पंजीकरण निरस्त कर दिया गया।
डॉ. आशीष अग्निहोत्री ने बताया कि अस्पताल के संचालक ने 21 जुलाई 2026 को व्यक्तिगत कारणों का हवाला देते हुए अस्पताल का पंजीकरण निरस्त करने के लिए आवेदन दिया था। आवेदन के परीक्षण के लिए विभागीय टीम ने अस्पताल का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल बंद होने के बजाय पूरी तरह संचालित अवस्था में मिला। टीम को अस्पताल में पांच मरीज भर्ती मिले। इस दौरान अस्पताल संचालक को प्रशासन के माध्यम से मौके पर बुलाया गया, लेकिन वह उपस्थित नहीं हुए।
स्वास्थ्य विभाग की जांच में अस्पताल में आवश्यक मानकों का पालन न किए जाने और विभिन्न प्रशासनिक एवं संचालन संबंधी अनियमितताएं सामने आईं। विभाग ने इसे नियमों का उल्लंघन मानते हुए कार्रवाई की।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के अनुसार, संचालक द्वारा स्वयं पंजीकरण निरस्त करने के लिए आवेदन दिए जाने तथा निरीक्षण के दौरान अस्पताल में अव्यवस्थाएं और मानकों का उल्लंघन पाए जाने के आधार पर शिवाय मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल का पंजीकरण तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया है।
स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनपद में बिना वैध पंजीकरण अथवा निर्धारित मानकों के विपरीत संचालित होने वाले अस्पतालों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
झांसी में शिवाय मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल का पंजीकरण निरस्त








