वन विभाग का रेस्क्यू अभियान बेनतीजा
चंदौली/कंदवा। कंदवा क्षेत्र के चारी गांव के पास कर्मनाशा नदी में शुक्रवार सुबह करीब छह फीट लंबा मगरमच्छ दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची तथा करीब दो घंटे तक रेस्क्यू अभियान चलाया, लेकिन मगरमच्छ का कोई पता नहीं चल सका। अधिकारियों का अनुमान है कि तेज बहाव के कारण मगरमच्छ अरंगी की ओर निकल गया होगा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शुक्रवार सुबह गांव के कुछ लोग कर्मनाशा नदी के पूर्व-दक्षिणी तट की ओर गए थे। इसी दौरान उन्होंने नदी में एक मगरमच्छ को तैरते हुए देखा। देखते ही देखते खबर पूरे गांव में फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण नदी किनारे पहुंच गए।
ग्रामीणों का कहना है कि जिस स्थान पर मगरमच्छ दिखाई दिया, वहीं छठ पर्व के दौरान स्नान करते समय यादव बस्ती के दो बच्चों की डूबने से मौत हो चुकी है। ऐसे में उसी क्षेत्र में मगरमच्छ दिखने से लोगों की पुरानी यादें ताजा हो गईं और किसी संभावित हादसे की आशंका से ग्रामीण सहम गए हैं।
सूचना मिलने पर चौकी प्रभारी विजय राय पुलिस टीम के साथ और वन विभाग के दरोगा मनोज श्रीवास्तव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वन विभाग ने करीब दो घंटे तक नदी किनारे और आसपास के क्षेत्र में तलाश अभियान चलाया, लेकिन मगरमच्छ नहीं मिला।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सूचना करीब छह फीट लंबे मगरमच्छ के दिखाई देने की मिली थी। संभावना है कि नदी के तेज बहाव के कारण वह दूसरे क्षेत्र की ओर चला गया है। यदि मगरमच्छ दोबारा दिखाई देता है तो तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाकर उसे सुरक्षित पकड़ने की कार्रवाई की जाएगी।
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे फिलहाल कर्मनाशा नदी के किनारे अनावश्यक रूप से न जाएं, बच्चों को नदी के पास न जाने दें और मगरमच्छ दिखाई देने पर तुरंत पुलिस या वन विभाग को सूचना दें। इससे किसी भी संभावित दुर्घटना को रोका जा सकेगा।
कर्मनाशा नदी में दिखा छह फीट का मगरमच्छ, ग्रामीणों में दहशत








