कुएं से मिले अस्थि अवशेष; हत्या की आशंका पर जांच तेज
मथुरा। थाना हाईवे क्षेत्र के गांव बाजना में तीन वर्ष पहले लापता हुए युवक के मामले में शनिवार को नया मोड़ सामने आया। पुलिस ने सूचना के आधार पर एक कुएं से अस्थि अवशेष बरामद किए हैं। अवशेषों को पहचान और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए फॉरेंसिक एवं मेडिकल परीक्षण हेतु भेज दिया गया है। पुलिस हत्या की आशंका सहित सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि सत्यवीर नामक व्यक्ति ने बताया कि उसके चचेरे भाई की करीब तीन वर्ष पहले गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। आरोप है कि गांव के दो लोगों ने युवक को कुएं में धक्का देकर उसकी हत्या कर दी थी।
सूचना मिलते ही थाना हाईवे पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने कुएं से मिले अस्थि अवशेषों को सुरक्षित कब्जे में लेकर फॉरेंसिक और मेडिकल जांच के लिए भेज दिया है।
पुलिस का कहना है कि प्राप्त तहरीर, उपलब्ध तथ्यों और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर विधिक कार्रवाई की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
एसपी सिटी राजीव कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया। कुएं से मिले अस्थि अवशेषों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। मामले के हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।







