लखनऊ। चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सीमा शुल्क विभाग की टीम ने सोने की तस्करी के संदेह में एक यात्री को पकड़ा है। तलाशी के दौरान उसके अंडरवियर की कमरबंद में छिपाकर रखा गया 472.100 ग्राम सोना बरामद हुआ। सोने को प्लास्टिक की पन्नी में पेस्ट के रूप में छिपाया गया था। बरामद सोने की अनुमानित कीमत 70 लाख 81 हजार 500 रुपये बताई गई है। कस्टम अधिकारियों ने सोना जब्त कर यात्री को हिरासत में ले लिया है। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है।
एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक, बुधवार सुबह शारजाह से इंडिगो की उड़ान संख्या 6ई-1424 करीब 7:20 बजे लखनऊ पहुंची थी। इसके बाद सीमा शुल्क विभाग के अधिकारी यात्रियों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान स्क्रीनिंग के समय एक यात्री की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। अधिकारियों ने उसे अलग कर उसकी गहन तलाशी ली। इस दौरान उसके अंडरवियर की कमरबंद में छिपाई गई प्लास्टिक की पन्नी मिली। पन्नी खोलने पर उसमें पेस्ट के रूप में सोना भरा हुआ मिला।
अधिकारियों ने बरामद सोने का वजन कराया तो वह 472.100 ग्राम निकला। इसकी अनुमानित कीमत 70,81,500 रुपये आंकी गई। पकड़े गए यात्री की पहचान बिहार के गोपालगंज निवासी केदार महतो के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान वह सोने के संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं दे सका और न ही उससे जुड़े दस्तावेज प्रस्तुत कर पाया। इसके बाद कस्टम अधिकारियों ने सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 की धारा 110 के तहत सोना जब्त कर लिया और यात्री को हिरासत में लेकर विभागीय मुख्यालय ले गए।
सीमा शुल्क विभाग की टीम अब यह पता लगाने में जुटी है कि सोना कहां से लाया गया था और इसे लाने के पीछे क्या उद्देश्य था। अधिकारियों के अनुसार, मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। एयरपोर्ट पर हुई इस कार्रवाई के बाद सोने की तस्करी के संभावित तरीके और इसमें शामिल लोगों की भूमिका का पता लगाने के लिए पूछताछ जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही मामले से जुड़ी अन्य जानकारियां स्पष्ट हो सकेंगी।





















