लखनऊ के सरोजनीनगर क्षेत्र के बंथरा थाना अंतर्गत शुक्रवार को एक मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव घर से काफी दूर गांव के दूसरे मोहल्ले में पड़ा मिला। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत की असल वजह जानने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, मवई पड़ियाना निवासी रूपन रावत (35) मजदूरी करता था। उसकी पत्नी करीब आठ वर्ष पहले उसे छोड़कर चली गई थी। बताया गया कि शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे रूपन घर से निकला था। दोपहर करीब दो बजे उसका शव गांव के दूसरे मोहल्ले में संदिग्ध हालत में पड़ा मिला। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार के लोग वहां पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि रूपन शराब के नशे में घूम रहा था। बताया जा रहा है कि वह पास की दुकान से चिकन खरीदकर लाया था। चिकन बनाने के बाद वह सो गया, लेकिन फिर नहीं उठा। इसके बाद उसकी मौत हो गई। शुरुआती जांच के आधार पर पुलिस ने अत्यधिक शराब पीने से मौत होने की आशंका जताई है, हालांकि अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस के अनुसार, मृतक के परिजनों ने फिलहाल किसी के खिलाफ कोई आरोप नहीं लगाया है। मामले में आगे की कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी।





















