लखनऊ के सरोजनीनगर थाना क्षेत्र में एक विधवा महिला ने गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। तपोवन नगर निवासी कृष्णावती ने हरदोई के कासिमपुर क्षेत्र के अरदल मऊ निवासी जफीर उर्फ चांद बाबू और बिल्लो, सरोजनीनगर के चिल्लावां निवासी फिरोज और नरगिस, तपोवन नगर निवासी दिलीप तथा काकोरी के प्यारेपुर, मौंदा निवासी अनिल को नामजद किया है।
कृष्णावती के मुताबिक, 8 अक्टूबर को दोपहर करीब 12:40 बजे जफीर उर्फ चांद बाबू, बिल्लो, फिरोज और नरगिस उनके घर बातचीत करने आए थे। इसी दौरान आरोप है कि नरगिस ने उनकी बेटी आकांक्षा को थप्पड़ मार दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने आकांक्षा के साथ लात-घूंसों से मारपीट की, जिससे उसके पेट में चोट आई। पीड़िता ने बताया कि आकांक्षा का करीब पांच महीने पहले ऑपरेशन हुआ था।
महिला का आरोप है कि बीच-बचाव के दौरान उसके साथ भी मारपीट की गई। दूसरी बेटी राखी के साथ भी मारपीट किए जाने की बात कही गई है। कृष्णावती के अनुसार, उसके दाहिने हाथ और गले में चोट आई, जबकि मारपीट के दौरान उसकी चेन भी टूटकर गिर गई। उसने दिलीप और अनिल पर धमकी देने का भी आरोप लगाया है।
इस मामले में कृष्णावती की तहरीर के आधार पर सरोजनीनगर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।





















