लखनऊ के गोमती नगर स्थित प्रेरणा स्टडी हॉल में शनिवार को सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम और किशोरियों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से HPV टीकाकरण एवं जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। रोटरी क्लब ऑफ राजधानी और रोटरी क्लब ऑफ लखनऊ एलिगेंस की ओर से संयुक्त रूप से आयोजित इस अभियान में 24 छात्राओं को HPV का टीका लगाया गया।
कार्यक्रम के दौरान इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की डॉ. शिप्रा नाथ ने छात्राओं के साथ जागरूकता सत्र किया। उन्होंने HPV संक्रमण, HPV वैक्सीन की उपयोगिता और सर्वाइकल कैंसर से बचाव में समय पर टीकाकरण की भूमिका के बारे में जानकारी दी। छात्राओं को स्वास्थ्य से जुड़े जरूरी पहलुओं के प्रति जागरूक करते हुए सही समय पर निवारक कदम उठाने का संदेश दिया गया।
इस टीकाकरण अभियान को उत्तर प्रदेश इम्यूनाइजेशन प्रोग्राम का सहयोग मिला। इसी सहयोग के माध्यम से टीकों की उपलब्धता और टीकाकरण टीम की व्यवस्था की गई। अभियान का आयोजन डॉ. अजय गुप्ता (SIO), डॉ. बीएन यादव (DIO), नसीम (STC) और डॉ. विनय सिंह (Dy. DIO) के मार्गदर्शन एवं सहयोग से किया गया।
कार्यक्रम का समन्वय रोटेरियन अनिकेत आनी ने किया। इस अवसर पर रोटरी क्लब ऑफ राजधानी की अध्यक्ष अर्चना अग्रवाल, विवेक अग्रवाल, रीता जायसवाल और रोटरी क्लब ऑफ लखनऊ एलिगेंस की चार्टर प्रेसिडेंट अपर्णा मिश्रा समेत कई सदस्य मौजूद रहे। अभियान में प्रतिमा त्रिपाठी, कृष्णा अग्रवाल, मधुलिका सिंह और डॉ. दीप्ति चोपड़ा ने भी सहयोग किया। कार्यक्रम का संदेश रहा—“टीका लगवाएं, जागरूक बनें और सशक्त बनें।”





















