मोहनलालगंज में हंगामा; सात हिरासत में
भरसवां गांव में ग्रामीणों ने प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन कराने का लगाया आरोप, पुलिस ने तहरीर लेकर जांच शुरू की।
लखनऊ। मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के भरसवां गांव में कथित धर्मांतरण को लेकर बुधवार रात हंगामा हो गया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि तमिलनाडु से आए कुछ लोग प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन कराने का प्रयास कर रहे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तमिलनाडु से आए पांच लोगों सहित कुल सात लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, गांव के एक मकान में बाहरी लोगों के मौजूद होने की सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण वहां पहुंच गए और मकान का घेराव कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि बाहर से आए लोग लंबे समय से गांव में सक्रिय थे और पहले भी कुछ लोगों का कथित रूप से धर्म परिवर्तन कराया जा चुका है।
मामले की सूचना मिलते ही मोहनलालगंज पुलिस मौके पर पहुंची और सभी सात लोगों को हिरासत में लेकर थाने ले गई। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।
इंस्पेक्टर रामबाबू सिंह ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हुई है। तहरीर, पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले के तथ्यों की पुष्टि की जा सकेगी।







