दमकल की गाड़ियों का पानी खत्म होने से बढ़ी मुश्किल, पोर्टेबल हाई प्रेशर पंप भी नहीं दे सका साथ
बाराबंकी। शहर के लखपेड़ाबाग चौराहा स्थित जय दुर्गा ऑटोमोबाइल्स की दुकान में शनिवार को शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दुकान में रखा बाइक स्पेयर पार्ट्स, लुब्रिकेंट तथा अन्य लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। सूचना पर फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शुरुआती प्रयास के दौरान दमकल की दोनों गाड़ियों का पानी करीब 10 मिनट में ही खत्म हो गया। इससे आग पर तत्काल काबू पाने में देरी हुई और लपटें लगातार बढ़ती रहीं। इस दौरान दुकान मालिक सुशील कुमार गुप्ता समेत स्थानीय व्यापारियों ने अग्निशमन विभाग की तैयारियों पर नाराजगी जताई। उनका कहना था कि यदि पर्याप्त पानी और संसाधन उपलब्ध होते तो नुकसान काफी कम हो सकता था।
करीब 20 से 25 मिनट बाद दमकल की गाड़ियां दोबारा पानी भरकर मौके पर पहुंचीं। इसी बीच नाले और अन्य जलस्रोतों से पानी खींचने के लिए फायर विभाग का पोर्टेबल हाई प्रेशर पंप भी लाया गया। मौके पर उसमें पेट्रोल डालकर कई बार स्टार्ट करने का प्रयास किया गया, लेकिन पंप तुरंत चालू नहीं हुआ। काफी कोशिश के बाद मशीन चालू हुई भी तो पर्याप्त प्रेशर नहीं बना, जिससे उसका प्रभावी उपयोग नहीं हो सका। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है।
काफी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। हालांकि तब तक दुकान में रखा बाइक के स्पेयर पार्ट्स, लुब्रिकेंट और अन्य सामान पूरी तरह जल चुका था। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार आग से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
अग्निशमन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया, जिससे आसपास की दुकानों तक आग फैलने से रोक लिया गया। वहीं पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर भीड़ को नियंत्रित किया और राहत कार्य में सहयोग किया।
फिलहाल प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने का कारण माना जा रहा है। नुकसान का अंतिम आकलन किया जा रहा है।







