शाहपुर थाना क्षेत्र में फातिमा अस्पताल के सामने हुई घटना, पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू की
गोरखपुर, 14 जुलाई। गोरखपुर में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद नजर आ रहे हैं। शाहपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को दिनदहाड़े मार्बल व्यवसायी की कार का शीशा तोड़कर बदमाश 5 लाख रुपये से भरा बैग लेकर फरार हो गए। पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार, मार्बल व्यवसायी मोहद्दीपुर में किसी व्यक्ति को रुपये देने पहुंचे थे। संबंधित व्यक्ति के मौके पर नहीं पहुंचने पर वह समय बिताने के लिए फिल्म देखने चले गए। इसी दौरान फातिमा अस्पताल के सामने खड़ी उनकी कार को बदमाशों ने निशाना बनाया और शीशा तोड़कर कार में रखा 5 लाख रुपये से भरा बैग लेकर फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही शाहपुर थाना पुलिस और सीओ गोरखनाथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
एसपी सिटी ने बताया कि सूचना मिलते ही शाहपुर थाने में मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करेगी।








