मुर्गी दाने की बोरियों के नीचे छिपाकर लाई जा रही थी 7200 शीशियां
अलीनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, लावारिस ट्रक से कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद; तस्करी नेटवर्क की जांच तेज।
पीडीडीयू नगर (चंदौली)। चंदौली जिले की अलीनगर पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक लावारिस ट्रक से 7200 शीशी अवैध कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद की है। बरामद खेप की अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई जा रही है। तस्करों ने पुलिस की नजर से बचने के लिए नशीली कफ सिरप को मुर्गी के दाने की बोरियों के नीचे छिपाकर रखा था।
पुलिस के अनुसार, रिंग रोड स्थित कोरी अंडरपास के पास एक संदिग्ध ट्रक काफी देर से खड़ा होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक की तलाशी ली तो ऊपर मुर्गी के दाने से भरी 20 बोरियां मिलीं। बोरियां हटाने पर नीचे 72 पेटियों में छिपाकर रखी गई 7200 शीशी कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद हुई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए ड्रग इंस्पेक्टर को मौके पर बुलाया गया। उनकी मौजूदगी में दवा के नमूने लेकर जन विश्लेषक प्रयोगशाला, लखनऊ भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद दवा की गुणवत्ता और कानूनी स्थिति की पुष्टि होगी।
जांच के दौरान ट्रक के केबिन से एक जीपीएस डिवाइस भी बरामद हुई है। वाहन का पंजीकरण फिरोजाबाद का पाया गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ट्रक कहां से चला था और नशीली कफ सिरप की खेप किस स्थान पर पहुंचाई जानी थी।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि यह खेप किसी संगठित अंतरजनपदीय या अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह की हो सकती है। पुलिस जीपीएस डेटा, वाहन स्वामित्व, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर अरुण कुमार सिंह ने बताया कि मामले में एनडीपीएस एक्ट सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







