गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के लगभग 50 हजार बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों की पुरानी पेंशन योजना (OPS) की मांग पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ा आश्वासन दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि 1 अप्रैल 2005 से पहले विज्ञापित पदों पर नियुक्त शिक्षकों को पुरानी पेंशन का लाभ दिए जाने का मामला सरकार और शासन के संज्ञान में है तथा इस पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है। उन्होंने संकेत दिया कि इस संबंध में जल्द निर्णय लिया जा सकता है।
गुरुवार को विशिष्ट बीटीसी शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने गोरक्षनाथ पीठ, गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट कर पुरानी पेंशन का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व एसोसिएशन के प्रदेश मंत्री एवं गोरखपुर जिलाध्यक्ष तारकेश्वर शाही ने किया।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से मांग की कि 28 मार्च 2005 से पूर्व विज्ञापित पदों पर नियुक्त बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों को पुरानी पेंशन योजना का लाभ दिया जाए। इस पर मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि सरकार इस विषय पर गंभीरतापूर्वक विचार कर रही है और जल्द ही इस संबंध में निर्णय लिया जा सकता है।
मुख्यमंत्री के इस आश्वासन के बाद प्रदेश भर के हजारों शिक्षकों में नई उम्मीद जगी है। एसोसिएशन का कहना है कि लंबे समय से लंबित इस मांग पर सकारात्मक निर्णय होने से हजारों शिक्षक और उनके परिवार लाभान्वित होंगे।
इस अवसर पर एसोसिएशन के महामंत्री सुभाष कनौजिया, प्रदेश कोषाध्यक्ष दिलीप चौहान, प्रदेश संगठन मंत्री एवं सहारनपुर जिलाध्यक्ष राजकुमार चौधरी, मीडिया प्रभारी चिंतामणि पांडेय, आजमगढ़ जिलाध्यक्ष मनोज कुमार राय, गोरखपुर जिला महामंत्री त्रिपुरारी दूबे, हरदोई जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष नित्यानंद द्विवेदी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।







