धनघटा साइबर सेल ने लौटाए 1.36 लाख रुपये
ऑनलाइन सरिया बुकिंग के नाम पर हुई ठगी में त्वरित कार्रवाई, एमआरएम पोर्टल की मदद से भी पीड़ित को वापस मिली धनराशि।
संतकबीरनगर। धनघटा साइबर सेल ने साइबर ठगी के दो पीड़ितों को बड़ी राहत देते हुए उनके खातों में कुल 1,36,344 रुपये वापस कराए हैं। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से ऑनलाइन सरिया बुकिंग के नाम पर ठगी गई बड़ी रकम वापस मिली, जबकि दूसरे मामले में एमआरएम पोर्टल के माध्यम से पांच हजार रुपये पीड़ित के खाते में लौटाए गए।
पुलिस के अनुसार, कुरमौल निवासी रितेश कुमार यादव ने ऑनलाइन सर्च कर गोरखपुर के एक कथित सरिया डीलर से सरिया बुक कराया था। आरोपी ने खुद को कारोबारी बताकर 1.40 लाख रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए। भुगतान के बाद उसने फोन उठाना बंद कर दिया। जब पीड़ित बताए गए पते पर पहुंचा तो पता चला कि वहां उस नाम की कोई दुकान मौजूद ही नहीं थी।
शिकायत मिलने के बाद धनघटा साइबर सेल ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी के खाते में मौजूद 1,31,344 रुपये होल्ड करा दिए। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद पूरी धनराशि पीड़ित के खाते में वापस करा दी गई।
एक अन्य मामले में सुरैना निवासी भीम कुमार यादव की शिकायत पर एमआरएम पोर्टल के माध्यम से 5,000 रुपये की धनराशि भी सफलतापूर्वक वापस कराई गई। दोनों पीड़ितों ने धनराशि वापस मिलने पर उत्तर प्रदेश पुलिस और साइबर हेल्प डेस्क का आभार व्यक्त किया।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, फर्जी ऑफर या ऑनलाइन लेनदेन के दौरान पूरी सावधानी बरतें। यदि कोई साइबर ठगी का शिकार हो जाए तो तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन पर कॉल करें या राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते धनराशि सुरक्षित कराई जा सके।







