Odisha News: ओडिशा के गंजाम जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक मां काली के मंदिर पहुंचा और कथित तौर पर अपनी ही जीभ काट ली। रविवार सुबह जब ग्रामीण मंदिर पहुंचे तो युवक सीढ़ियों के पास खून से लथपथ पड़ा मिला। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और उसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। मिली जानकारी के अनुसार, बेगुनियापाड़ा ब्लॉक के हंसतुली गांव निवासी किरण पात्र शनिवार देर रात गांव के बाहर स्थित मां काली मंदिर गया था। बताया जा रहा है कि वहीं किसी तेजधार वस्तु से उसने अपनी जीभ काट ली। गंभीर रूप से घायल होने के बाद वह मंदिर की सीढ़ियों के पास ही गिर पड़ा।
रविवार सुबह पूजा के लिए पहुंचे लोगों ने उसे देखा तो तुरंत स्थानीय प्रशासन और 108 एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस के जरिए पहले उसे खल्लीकोट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए ब्रह्मपुर स्थित एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया।
कुछ दिन पहले ही विदेश से लौटा था
बताया जा रहा है कि युवक महज चार दिन पहले ही विदेश से अपने गांव वापस आया था। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि उसने ऐसा कदम किन परिस्थितियों में उठाया। घटना के पीछे मानसिक तनाव, निजी कारण या किसी धार्मिक मान्यता की भूमिका रही, इसे लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
पुलिस हर पहलू से कर रही जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। अधिकारी परिवार के लोगों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रहे हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि युवक ने यह कदम क्यों उठाया। फिलहाल किसी भी वजह की पुष्टि नहीं की गई है और पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच में जुटी है। युवक का इलाज एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में चल रहा है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं, इस घटना के बाद पूरे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं, लेकिन पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।







