33.30 लाख रुपये कीमत के मोबाइल बरामद कर एसपी आकाश पटेल ने वास्तविक स्वामियों को सौंपे, वर्ष 2026 में अब तक 1.85 करोड़ रुपये के 630 मोबाइल बरामद
चंदौली। दीपावली के त्योहार पर चंदौली पुलिस ने 111 लोगों को ऐसी सौगात दी, जिससे उनके चेहरों पर मुस्कान लौट आई। लंबे समय से खोए मोबाइल फोन वापस मिलने की उम्मीद छोड़ चुके लोगों को पुलिस ने उनके मोबाइल लौटाकर त्योहार की खुशियां दोगुनी कर दीं। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने शनिवार को पुलिस लाइन स्थित नवीन सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बरामद 111 मल्टीमीडिया मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे। इन मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 33 लाख 30 हजार रुपये बताई गई है।
CEIR पोर्टल की मदद से हुई बरामदगी
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने जनसुनवाई के दौरान मोबाइल गुम होने से संबंधित प्राप्त प्रार्थना पत्रों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित पुलिस टीमों को बरामदगी के निर्देश दिए थे। इसके बाद CEIR पोर्टल से प्राप्त जानकारियों के आधार पर जनपद के विभिन्न थानों की पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम ने तकनीकी माध्यमों से मोबाइल फोन को ट्रेस करने का अभियान चलाया। लगातार प्रयासों के बाद विभिन्न स्थानों से कुल 111 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए गए।
बरामदगी में मुगलसराय पुलिस ने सर्वाधिक 22 मोबाइल फोन बरामद किए, जबकि सकलडीहा पुलिस ने 19, चंदौली ने 16 और चकिया पुलिस ने 12 मोबाइल बरामद किए। इसके अलावा बबुरी से नौ, चकरघट्टा से सात, शहाबगंज से छह, धानापुर और धीना से चार-चार, कंदवा से चार, इलिया और सैयदराजा से तीन-तीन तथा बलुआ और नौगढ़ से एक-एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।
2026 में अब तक 1.85 करोड़ के 630 मोबाइल बरामद
चंदौली पुलिस की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक छह चरणों में कुल 630 गुम या खोए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे जा चुके हैं। इनकी अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ 85 लाख 10 हजार रुपये है। इससे पहले तीन मार्च को 75, 20 अप्रैल को 121, तीन जून को 111, 28 जुलाई को 111 और आठ सितंबर को 101 मोबाइल फोन बरामद किए गए थे। सात नवंबर को 111 मोबाइलों की बरामदगी के साथ यह आंकड़ा 630 पहुंच गया। इस अभियान में स्वाट प्रभारी निरीक्षक रामजनम यादव, सर्विलांस प्रभारी उपनिरीक्षक आशीष मिश्रा समेत पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने लोगों से की अपील
इस मौके पर मोबाइल वापस पाने वाले लोगों ने चंदौली पुलिस के प्रयासों की सराहना की। पुलिस ने आमजन से अपील की कि मोबाइल गुम होने पर घबराने के बजाय तत्काल संचार साथी पोर्टल की आधिकारिक वेबसाइट www.sancharsaathi.gov.in पर CEIR के माध्यम से शिकायत दर्ज कराएं। साथ ही संबंधित थाने या पुलिस अधीक्षक कार्यालय में प्रार्थना पत्र देकर मोबाइल का IMEI नंबर और जरूरी विवरण उपलब्ध कराएं। मोबाइल का IMEI नंबर पहले से सुरक्षित रखना भी जरूरी है, ताकि गुम होने की स्थिति में उसकी पहचान और बरामदगी में आसानी हो सके।





















