चंद्रावती नाला के पास खाली खेत में चल रहा था जुए का फड़, मौके से 7,170 और तलाशी में 38,500 रुपये बरामद; 52 ताश के पत्ते भी मिले
चंदौली। चकिया थाना क्षेत्र में जुआ खेलने वालों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 45,670 रुपये नकद और 52 ताश के पत्ते बरामद किए हैं। सभी आरोपियों को चंद्रावती नाला के पास एक खाली खेत में जुआ खेलते हुए पकड़ा गया।
पुलिस के अनुसार, प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह के नेतृत्व में चकिया पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि चंद्रावती नाला के पास खाली खेत में कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और जुआ खेल रहे पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान जुए की फड़ से 7,170 रुपये तथा आरोपियों के पास से 38,500 रुपये बरामद हुए। इसके अलावा मौके से 52 ताश के पत्ते भी मिले।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजेश चौहान और बाबू लाल उर्फ बबलू सोनकर निवासी शमशेर नगर वार्ड नंबर तीन, दरोगा चौहान और राहुल शर्मा निवासी मां काली नगर वार्ड नंबर पांच तथा चंदन सोनकर निवासी शमशेर नगर वार्ड नंबर तीन, थाना चकिया के रूप में हुई है।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ चकिया थाने में मु0अ0सं0 289/2026 के तहत सार्वजनिक जुआ अधिनियम की धारा 13 में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह, उपनिरीक्षक सुनील कुमार, हेड कांस्टेबल दीपक यादव, सुहेल अहमद सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।





















