17 नवंबर से लिए जाएंगे दावे-आपत्तियां
चार जनवरी 2027 को होगा मतदाता नामावली का अंतिम प्रकाशन, निर्वाचन आयोग के निर्देश पर विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम में किया गया बदलाव
चंदौली। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जनपद के विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की फोटोयुक्त मतदाता सूचियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) कार्यक्रम की संशोधित समय-सारिणी जारी कर दी गई है। अर्हता तिथि एक जनवरी 2027 के आधार पर होने वाली इस प्रक्रिया के तहत मतदाताओं को सूची में नाम जुड़वाने, संशोधन कराने और अपात्र नामों पर आपत्ति दर्ज कराने का अवसर मिलेगा।
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार निर्वाचक नामावली का आलेख्य प्रकाशन 17 नवंबर 2026 को किया जाएगा। इसके बाद 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इस अवधि में मतदाता सूची में नया नाम शामिल कराने के लिए फार्म-6, किसी नाम को हटवाने के लिए फार्म-7 तथा नाम, पता और अन्य विवरणों में संशोधन कराने के लिए फार्म-8 भर सकेंगे।
प्राप्त दावों और आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। इसके बाद पुनरीक्षण की सभी प्रक्रियाएं पूरी कर चार जनवरी 2027 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राजेश कुमार ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम का भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप समयबद्ध और प्रभावी ढंग से अनुपालन सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार सभी आवश्यक कार्रवाई पूरी करने पर जोर दिया है।





















