15-20 मजदूरों के मलबे में दबे होने की आशंका
पुणे। महाराष्ट्र के पुणे जिले के पिंपरी-चिंचवड़ क्षेत्र में बुधवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। मोशी इलाके में निर्माणाधीन ‘वेस्ट-टू-एनर्जी’ परियोजना स्थल पर एक इमारत का हिस्सा अचानक ढह गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मलबे में 15 से 20 मजदूरों के दबे होने की आशंका है।
हादसे के समय निर्माण कार्य जारी था और कई मजदूर साइट पर काम कर रहे थे। अचानक भवन का एक हिस्सा भरभराकर गिरने से अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, स्थानीय पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। बचाव दल मलबा हटाकर फंसे मजदूरों को सुरक्षित निकालने के लिए युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव अभियान चला रहे हैं। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस भी मौके पर तैनात की गई हैं।
बताया जा रहा है कि यह परियोजना पिंपरी-चिंचवड़ नगर निगम (PCMC) की ओर से मोशी क्षेत्र में पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के तहत विकसित की जा रही है। निगम के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचकर राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।
फिलहाल हादसे के कारणों का पता नहीं चल सका है। अधिकारियों का कहना है कि प्राथमिकता मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना है। बचाव अभियान पूरा होने के बाद ही मृतकों और घायलों की संख्या तथा दुर्घटना के कारणों की आधिकारिक जानकारी सामने आएगी।








