अपर्णा यादव ने प्रचार वाहन व जागरूकता रैली को दिखाई हरी झंडी
अम्बेडकरनगर। जनपद में स्कूल चलो अभियान का बुधवार को भव्य शुभारंभ किया गया। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में प्रचार वाहन और जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों के साथ जिलाधिकारी ईशा प्रिया, मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ज्योत्स्ना बंधु, भाजपा जिलाध्यक्ष दिलीप देव पटेल, धर्मराज निषाद तथा श्याम सुंदर वर्मा सहित कई अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
अभियान का मुख्य उद्देश्य जनपद के प्रत्येक बच्चे का विद्यालय में नामांकन सुनिश्चित करना, स्कूल छोड़ चुके बच्चों को दोबारा शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना तथा शिक्षा के प्रति समाज में व्यापक जन-जागरूकता फैलाना है।
इस अवसर पर लोगों से अपील की गई कि वे अपने आसपास के प्रत्येक बच्चे को विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित करें, ताकि “कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे” और सभी बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का अवसर मिल सके।
स्कूल चलो अभियान के तहत जिलेभर में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम, रैलियां और प्रचार-प्रसार गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, जिससे अधिक से अधिक बच्चों का विद्यालयों में प्रवेश सुनिश्चित किया जा सके।






















