बाराबंकी: पुलिस जांच में जुटी
बाराबंकी। नगर कोतवाली क्षेत्र के सफेदाबाद स्थित हिंद इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (HIMS) में शुक्रवार तड़के इलाज के लिए भर्ती एक मरीज की तीसरी मंजिल से गिरने से मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जानकारी में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। घटना के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान राम सुमन (40) निवासी बसौगापुर, थाना टिकैतनगर के रूप में हुई है। वह 27 जुलाई से अस्पताल के टीबी एवं चेस्ट वार्ड में भर्ती होकर उपचार करा रहा था।
बताया गया कि शुक्रवार तड़के करीब 4:49 बजे वह वार्ड की तीसरी मंजिल की रेलिंग पार कर नीचे गिर गया। अस्पताल कर्मियों ने तत्काल उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना के समय मृतक की पत्नी सरिता और साले राम प्रसाद अस्पताल में मौजूद थे। सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।
परिजनों का कहना है कि राम सुमन की मानसिक स्थिति कुछ समय से ठीक नहीं थी। वहीं, पुलिस की प्रारंभिक जांच में पारिवारिक तनाव का पहलू भी सामने आया है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मृत्यु के कारणों की अंतिम पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही की जा सकेगी।
नगर कोतवाली पुलिस ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। अस्पताल में मौजूद लोगों से भी पूछताछ की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।







