बेटे ने लहराकर दी धमकी; वायरल वीडियो के बाद पुलिस ने किया गिरफ्तार
चहनिया (चंदौली)। बलुआ थाना क्षेत्र के अमिलाई गांव में आपसी विवाद के दौरान जमकर हंगामा हुआ। इस दौरान वर्तमान प्रधान की लाइसेंसी पिस्टल धोती से निकलकर सड़क पर गिर गई, जिसे उनके बेटे ने उठाकर दूसरे पक्ष को लहराते हुए धमकी दे डाली। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हरकत में आई बलुआ पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी युवक को लाइसेंसी पिस्टल के साथ गिरफ्तार कर लिया है।
अमिलाई गांव में वर्तमान प्रधान और आगामी प्रधानी चुनाव की तैयारी कर रहे दूसरे पक्ष के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और मौके पर तनाव की स्थिति पैदा हो गई। हाथापाई और गहमागहमी के दौरान वर्तमान प्रधान की कमर (धोती) में खुंसी लाइसेंसी पिस्टल अचानक निकलकर सड़क पर गिर गई।
आरोप है कि पिता की पिस्टल सड़क पर गिरते ही प्रधान के बेटे ने उसे उठा लिया। इसके बाद वह खुलेआम पिस्टल लहराते हुए दूसरे पक्ष के लोगों को भद्दी-भद्दी गालियां देने लगा और जान से मारने की धमकी दी। वहां मौजूद किसी ग्रामीण ने इस पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल में कैद कर लिया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित होने और मामले की जानकारी मिलते ही बलुआ पुलिस तुरंत हरकत में आई। पुलिस टीम ने अमिलाई गांव पहुंचकर मामले की जांच-पड़ताल की और पिस्टल लहराने वाले आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही मौके से लाइसेंसी पिस्टल भी बरामद कर ली गई।
इस सम्बन्ध में बलुआ थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि बरामद पिस्टल वर्तमान प्रधान के नाम पर पंजीकृत लाइसेंसी असलहा है। विवाद के दौरान पिस्टल सड़क पर गिर गई थी, जिसे उनके बेटे ने उठाकर दूसरे पक्ष को धमकाया। वायरल वीडियो के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ सुसंगत धाराओं में विधिक कार्रवाई की जा रही है।






