भाजपा सभासद ने मानक विहीन कार्य का लगाया आरोप
बहराइच। जिले के कोतवाली देहात क्षेत्र स्थित वार्ड नंबर-10 में निर्माणाधीन सड़क को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। भाजपा के निर्विरोध निर्वाचित सभासद आशीष सिंह ने लोक निर्माण विभाग (PWD) पर मानकों की अनदेखी करते हुए सड़क निर्माण कराने का आरोप लगाया है।
सभासद आशीष सिंह ने प्रशासन को पत्र भेजकर सड़क निर्माण कार्य को तत्काल रोकने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उनका आरोप है कि सड़क की मोटाई और निर्माण सामग्री की गुणवत्ता निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं है, जिससे सड़क की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
उन्होंने मांग की है कि यदि जांच में ठेकेदार दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही वार्डवासियों को टिकाऊ और गुणवत्तापूर्ण सड़क उपलब्ध कराने के लिए निर्धारित मानकों के अनुसार निर्माण कार्य कराया जाए।
बताया जा रहा है कि कटी चौथे से सभासद आवास तक करीब 1,600 मीटर लंबी सड़क का निर्माण किया जा रहा है। इस परियोजना पर लगभग 1 करोड़ 20 लाख रुपये की लागत स्वीकृत हुई है।
फिलहाल इस मामले में संबंधित विभाग की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
रिपोर्ट: रोहित श्रीवास्तव







