नकदी और तकनीकी साक्ष्य बरामद
अयोध्या के राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में पुलिस ने कस्टडी रिमांड पूरी होने के बाद मुख्य आरोपी रमाशंकर मिश्रा और पूर्व गणना प्रभारी सुभाष श्रीवास्तव को दोबारा जिला जेल भेज दिया। करीब 14 घंटे की रिमांड के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों से कई चरणों में पूछताछ की और मामले से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने आरोपी रमाशंकर मिश्रा के कब्जे से नकदी बरामद की है। इसके अलावा उसके घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और डीवीआर भी जब्त किए गए हैं। जांच एजेंसियों ने इन तकनीकी साक्ष्यों को कब्जे में लेकर उनकी पड़ताल शुरू कर दी है।
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों से चढ़ावा चोरी की पूरी घटना, धन के लेन-देन और वारदात की योजना को लेकर अलग-अलग सवाल किए गए। पुलिस ने दोनों के बयानों का मिलान भी किया ताकि घटनाक्रम की पुष्टि की जा सके।
इधर, आरोपी सुभाष श्रीवास्तव को पुलिस राम मंदिर परिसर भी लेकर गई। वहां चढ़ावे की गणना की पूरी प्रक्रिया का दोबारा परीक्षण कराया गया। ड्यूटी रजिस्टर की जांच की गई और संबंधित कर्मचारियों की जिम्मेदारियों की जानकारी जुटाई गई। इस दौरान घटनाक्रम का रीक्रिएशन भी कराया गया।
जांच अब अन्य आरोपियों की ओर बढ़ रही है। पुलिस रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू और मनीष यादव की कस्टडी रिमांड लेने की तैयारी में जुटी है। अधिकारियों का मानना है कि इन आरोपियों से पूछताछ के बाद मामले में और अहम खुलासे हो सकते हैं।







