रुपईडीहा, बहराइच: रंजीतबोझा गांव में रविवार सुबह करीब 9:30 बजे एक 22 वर्षीय युवक का शव झाड़ियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव प्राथमिक विद्यालय जाने वाले रास्ते के किनारे धनीराम के बाग की झाड़ियों में पड़ा मिला। सूचना मिलने पर रुपईडीहा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान रंजीतबोझा निवासी तसव्वर उर्फ शब्बीर के रूप में हुई है। बताया गया कि वह कबाड़ का काम करता था और नेपाल जाकर कबाड़ की खरीद-बिक्री करता था। परिजनों के अनुसार, शनिवार को वह काम के सिलसिले में घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। अगले दिन सुबह उसका शव मिलने की जानकारी परिवार को हुई।
मृतक के भाई रज्जब अली ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर मौत को संदिग्ध बताते हुए मामले की जांच कराने की मांग की है। परिवार के अनुसार, मृतक की दो बेटियां हैं। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
रुपईडीहा के प्रभारी निरीक्षक हरेंद्र मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





















