लखनऊ। सरोजनीनगर द्वितीय वार्ड-18 के पार्षद रामनरेश रावत ने गुरुवार को आजाद नगर कॉलोनी में सड़क और नाली निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। पार्षद निधि से करीब आठ लाख रुपये की लागत से होने वाले इस कार्य के पूरा होने पर स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ जलभराव की समस्या से भी राहत मिलने की उम्मीद है।
पार्षद रामनरेश रावत एडवोकेट ने बताया कि पूर्व पार्षद सावित्री रावत और ललिता गिरी के मोहल्ले में 80 मीटर लंबी और तीन मीटर चौड़ी इंटरलॉकिंग सड़क बनाई जाएगी। इसके साथ ही सड़क के किनारे पक्की नाली का निर्माण भी कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह और महापौर सुषमा खर्कवाल के सहयोग से क्षेत्र में विकास कार्य कराए जा रहे हैं।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, अब तक यह रास्ता कच्चा और क्षतिग्रस्त था। इसके कारण लोगों को आवागमन में परेशानी होती थी और अक्सर जलभराव की स्थिति बन जाती थी। सड़क और नाली का निर्माण पूरा होने के बाद इन समस्याओं से राहत मिलने की उम्मीद है।
शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान विधि-विधान से धूप-दीप पूजन किया गया। इसके बाद रामलाल वर्मा और फूलचंद गौतम से नारियल फुड़वाकर निर्माण कार्य की शुरुआत कराई गई। कार्यक्रम में फूलचंद गौतम, जयराम यादव, ऋषिराम यादव, रामलाल वर्मा, अर्जुन लाल, रोशन लाल, सावित्री रावत, ललिता गिरी, चिंता देवी, राजीव सिंह, गोपाल, प्रिंस और मनीष समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। निर्माण कार्य शुरू होने पर लोगों ने खुशी जताई।





















