श्रावस्ती की सियासत में बसपा नेता हाजी ददन खान के निष्कासन के बाद हलचल तेज हो गई है। 2024 लोकसभा चुनाव में श्रावस्ती से बसपा प्रत्याशी रहे हाजी ददन खान को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया गया है। बसपा जिलाध्यक्ष की ओर से अनुशासनहीनता को कार्रवाई की वजह बताया गया है।
पार्टी की ओर से आरोप लगाया गया कि हाजी ददन खान संगठन की अनुमति के बिना खुद को संभावित विधानसभा प्रत्याशी बताते हुए क्षेत्र में प्रचार कर रहे थे। इसी को अनुशासन के खिलाफ गतिविधि मानते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की गई। हालांकि, निष्कासन के बाद हाजी ददन खान ने इस कार्रवाई को राजनीतिक षड्यंत्र बताया है।
हाजी ददन खान का दावा है कि भिनगा विधानसभा क्षेत्र में उन्हें मिल रहे जनसमर्थन से कुछ राजनीतिक लोग परेशान हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें सोशल मीडिया के माध्यम से निष्कासन की जानकारी मिली और वह इस पूरे मामले को बसपा प्रमुख मायावती के सामने रखने की कोशिश करेंगे।
हाजी ददन खान ने साफ किया कि निष्कासन के बावजूद वह क्षेत्र में सक्रिय रहेंगे और मिशन 2027 की तैयारी जारी रखेंगे। उन्होंने सभी समाजों से समर्थन और आशीर्वाद की अपील भी की है। अब देखना होगा कि मायावती के सामने मामला पहुंचने के बाद क्या कोई नया सियासी मोड़ आता है और भिनगा विधानसभा की राजनीति में हाजी ददन खान का अगला कदम क्या होता है।





















