श्रावस्ती: जिले में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसा NH-730 पर सिटकहना गांव के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। मृतक की पहचान तिलकपुर निवासी 32 वर्षीय विनोद के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि विनोद दवा लेकर बाइक से अपने घर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान सिटकहना गांव के पास उनकी बाइक खड़े ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई।
हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए विनोद
टक्कर इतनी जोरदार थी कि विनोद गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल घटना की सूचना दी और घायल युवक को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गिलौला पहुंचाया गया।
डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
सीएचसी गिलौला में चिकित्सकों ने विनोद की जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस सड़क हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
रिपोर्ट: मनीष श्रीवास्तव






















