बहराइच: अपनी मांगों को लेकर भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) ने बहराइच कलेक्ट्रेट स्थित धरना स्थल पर प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। यूनियन का आरोप है कि पिछले दो महीने से लगातार ज्ञापन दिए जाने के बावजूद प्रशासन की ओर से उनकी मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इससे किसानों में आक्रोश है। बताया जा रहा है कि मासिक पंचायत के बाद किसान यूनियन की ओर से पिछले दो महीनों से विभिन्न मांगों को लेकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपे जा रहे हैं। यूनियन का कहना है कि कई बार ज्ञापन देने के बावजूद अब तक किसी भी मांग पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है।
तीन दिन से अनिश्चितकालीन धरने पर किसान
मांगों की अनदेखी से नाराज किसान यूनियन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता पिछले तीन दिनों से कलेक्ट्रेट स्थित धरना स्थल पर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हैं। यूनियन ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक प्रदर्शन जारी रहेगा।
बारिश में गिरा टेंट, कई लोगों को लगी चोट
धरना स्थल पर बारिश के दौरान टेंट गिरने की घटना भी सामने आई। टेंट गिरने से यूनियन से जुड़े कुछ लोगों के चोटिल होने की बात कही जा रही है। किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष प्रमोद तिवारी का आरोप है कि घटना के बाद उन्होंने प्रशासन को फोन कर मदद की मांग की, लेकिन मौके पर कोई सहायता नहीं पहुंची।
प्रशासन की कार्यशैली से नाराज किसान यूनियन
किसान यूनियन ने प्रशासन की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए कहा कि उनकी समस्याओं और ज्ञापनों को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। यूनियन का कहना है कि किसानों की मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जा सकता है।
रिपोर्ट: रोहित श्रीवास्तव






















