CBT परीक्षा में पैसे लेकर सॉल्वर बैठाने का आरोप, STF ने छापेमारी कर 5.26 लाख रुपये नकद समेत डिजिटल उपकरण किए बरामद
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ITI) नैनी में आयोजित वार्षिक/अखिल भारतीय व्यावसायिक CBT परीक्षा में बड़े पैमाने पर नकल कराने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान संस्थान के प्रिंसिपल, परीक्षा प्रभारी और अनुदेशकों सहित कुल 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
एसटीएफ के अनुसार, सूचना मिली थी कि परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थियों से मोटी रकम लेकर उनकी जगह सॉल्वर बैठाकर परीक्षा दिलाई जा रही है। सूचना के आधार पर 29 जुलाई 2026 को की गई छापेमारी में गिरोह का खुलासा हुआ।
11 आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में पांच कथित सॉल्वर, संस्थान के प्रिंसिपल, परीक्षा प्रभारी, तीन अनुदेशक और एक अनुरक्षक शामिल हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के नाम हैं—
- शिवम कुमार
- रणविजय सिंह
- जय सिंह
- जितेंद्र पटेल
- दिलीप कुमार पटेल
- अशोक कुमार (प्रिंसिपल)
- रविप्रकाश (कार्यदर्शक/परीक्षा प्रभारी)
- फूल प्रकाश
- धीरज कुमार शर्मा
- राजेश कुमार
- राजकुमार मौर्य
छापेमारी में भारी बरामदगी
एसटीएफ ने मौके से 5 प्रवेश पत्र, 5 कंप्यूटर सेट (मॉनिटर, सीपीयू, की-बोर्ड और माउस), 6 मोबाइल फोन, 3 आधार कार्ड, एक पेन ड्राइव, 7 एटीएम कार्ड, परीक्षा से संबंधित 67 दस्तावेज तथा 5,26,370 रुपये नकद बरामद किए।
जांच जारी
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही इस बात की भी जांच की जा रही है कि इस गिरोह का नेटवर्क किन-किन जिलों और परीक्षा केंद्रों तक फैला हुआ था तथा इसमें अन्य लोगों की भूमिका क्या रही।







