5 सितंबर तक तीन लाख पशुओं को लगेगा खुरपका-मुंहपका रोधी टीका
राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत गांव-गांव जाकर पशुओं का होगा निःशुल्क टीकाकरण
चंदौली। जिले में खुरपका-मुंहपका (एफएमडी) रोग से पशुओं की सुरक्षा के लिए 22 जुलाई से विशेष टीकाकरण अभियान शुरू किया जा रहा है। राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम (NADCP) के तहत चलने वाला यह अभियान 5 सितंबर तक चलेगा। इस दौरान जिले में करीब तीन लाख पशुओं को निःशुल्क टीके लगाए जाएंगे।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. योगेश ने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए पशुपालन विभाग ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिले के सभी नौ विकासखंडों में संचालित 17 पशु चिकित्सालयों के माध्यम से टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि पशु चिकित्साधिकारियों के नेतृत्व में गठित टीमें गांव-गांव और घर-घर जाकर पशुओं का टीकाकरण करेंगी। अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक पशुओं को खुरपका-मुंहपका जैसी संक्रामक बीमारी से सुरक्षित करना है।
डॉ. योगेश ने पशुपालकों से अपील की कि वे टीकाकरण अभियान में पूरा सहयोग करें, ताकि कोई भी पशु टीकाकरण से वंचित न रहे। इसके लिए संबंधित क्षेत्रों में पहले से सूचना भी उपलब्ध कराई जाएगी और विभागीय टीमें निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रत्येक गांव में पहुंचकर टीकाकरण का कार्य पूरा करेंगी।
उन्होंने बताया कि अभियान की नियमित निगरानी पशुपालन विभाग के अधिकारी करेंगे, जिससे निर्धारित समय के भीतर लक्ष्य पूरा किया जा सके और जिले में पशुओं को संक्रामक रोगों से सुरक्षित रखा जा सके।





















