उन्नाव, इलाज के दौरान मौत
उन्नाव। बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र में सड़क हादसे में एक आठ वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। लखनऊ मार्ग पर सड़क पार करते समय तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल बच्ची को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना अंतिम संस्कार कर दिया।
जानकारी के अनुसार, बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के आसत गांव निवासी ब्रजकिशोर का मकान लखनऊ मार्ग के किनारे स्थित है। शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे उनकी आठ वर्षीय बेटी वैष्णवी सड़क पार कर रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार वाहन ने उसे टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। टक्कर लगने से बच्ची सड़क पर दूर जा गिरी।
हादसे के बाद बच्ची के चाचा बबलू उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने वैष्णवी को मृत घोषित कर दिया।
देर शाम परिजन बच्ची का शव लेकर घर पहुंचे और शनिवार सुबह बिना किसी पुलिस कार्रवाई के उसका अंतिम संस्कार कर दिया। मासूम की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।







