वांछित आरोपी गिरफ्तार
शादी के दबाव से परेशान होकर कार में की हत्या, शव सड़क किनारे फेंककर हुआ था फरार; जमुनापार पुलिस ने दबोचा
मथुरा। थाना जमुनापार पुलिस ने महिला की हत्या के सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने प्रेम संबंध के चलते शादी के दबाव से परेशान होकर महिला की गला घोंटकर हत्या कर दी थी और शव को सड़क किनारे फेंककर फरार हो गया था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सतीश सिंह उर्फ एस.के. चौधरी, निवासी नगला पीता, थाना राया, जनपद मथुरा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे रविवार तड़के करीब 3:28 बजे पानीगांव–मांट रोड से गिरफ्तार किया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके मृतका के साथ लंबे समय से प्रेम संबंध थे। आरोप है कि महिला लगातार उस पर शादी करने का दबाव बना रही थी, जिससे वह परेशान था। इसी को लेकर 2 और 3 जुलाई 2026 की रात उसने अपनी सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार (UP 85 BX 1607) की पिछली सीट पर गमछे से महिला का गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस के मुताबिक हत्या के बाद आरोपी ने महिला का शव पानीगांव–वृंदावन बाईपास रोड के किनारे फेंक दिया और पहचान छिपाने के उद्देश्य से मौके से फरार हो गया।
थाना जमुनापार पुलिस ने लगातार साक्ष्य संकलन, तकनीकी जांच और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज है। आवश्यक पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है तथा हत्या से जुड़े सभी तथ्यों और साक्ष्यों की गहन जांच की जा रही है।








